देश में कोरोना : शनिवार को देश में मिले कोरोना के 1.52 लाख नए मरीज, पिछले साल की पीक का रिकार्ड भी टूटा

नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन की कमी और कई राज्यों में नई पाबंदियों के बीच संक्रमण की रफ्तार में भी तेजी देखनो को मिल रही है। देश में शनिवार को कोरोना के 1.52 लाख नए केस मिले। लगातार 5वें दिन यह संख्या एक लाख से ज्यादा रही है। हर दिन के साथ संक्रमितों की संख्या का नया रिकॉर्ड बन रहा है। शुक्रवार को करीब 1.45 लाख और गुरुवार को 1.31 लाख मरीज मिले थे। अब देश में एक्टिव केस की संख्या 11 लाख के पार हो गई है। यह संख्या कोरोना के पिछले फेज के पीक से कहीं ज्यादा है। पिछले साल 17 सितंबर को संक्रमण का पीक दिन था। इस दिन सबसे ज्यादा 10.17 लाख एक्टिव केस थे।

महाराष्ट्र में लगातार 5 दिन से नए केस की संख्या 50 हजार से ज्यादा है। पिछले 24 घंटों में यहां 55,411 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 309 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 5.36 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। यानी देश के कुल एक्टिव केस में से आधे महाराष्ट्र में हैं। यहां के पुणे में 9,864 और मुंबई में 9,327 मामले सामने आए हैं।

महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान के बाद अब उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली में भी वैक्सीन का संकट बढ़ने लगा है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों से वैक्सीन की कमी की खबरें सामने आने लगी हैं। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर मौजूदा रफ्तार से ही वैक्सीनेशन कराएंगे तो भी केवल 5 दिन में वैक्सीन खत्म हो जाएगी। अगर हम अपने टारगेट के अनुसार हर दिन 2 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने लगे तो ये स्टॉक केवल दो दिन में ही खत्म हो जाएगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि राज्य में अब कोई नया प्रतिबंध और लॉकडाउन नहीं लगने वाला है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से वैक्सीन की सप्लाई बढ़ाने की डिमांड भी की है। कहा कि अब राजधानी में केवल 7 से 10 दिन के लिए वैक्सीन बची है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश में 9 करोड़ 78 लाख 71 हजार वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। पिछले 24 घंटे के अंदर 32.16 लाख वैक्सीन की डोज लगाई गई है।

देश में अब तक 1 करोड़ 33 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 20 लाख 78 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 69 हजार 262 मरीजों की मौत हो गई। 11 लाख 2 हजार 338 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

प्रदेश की ताजा खबरों के लिए जुड़े व्हाट्स एप ग्रुप से 👉 Click Now 👈

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *