जेल से रेलिंग काटकर 13 कोरोना पॉजिटिव कैदी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

रेवाड़ी। हरियाणा की एक जेल से 13 खूंखार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सभी कैदी कोरोना पॉजिटिव थे और उन्हें रेवाड़ी जेल में रखा गया था। वहां से ये सभी कैदी रेलिंग काटकर फरार हो गए हैं। पुलिस कैदियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, इन कैदियों को हरियाणा की रेवाड़ी जेल में रखा गया था। कुछ दिन पहले रेवाड़ी जेल में कोरोना संक्रमित कैदियों को रखने के लिए व्यवस्था की गई थी। यहीं सेल में इन कैदियों को रखा गया था। इसी जेल की बैरक में बंद 13 कैदी रेलिंग काटकर फरार हो गए। सभी कैदी कोरोना पॉजिटिव थे और उनका इलाज चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, ये सभी कैदी खूंखार थे और गंभीर अपराधों में सजा काट रहे थे। इन कैदियों को हत्या, बलात्कार, अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में सजा मिली थी।

पुलिस ने बताया कि फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 4 टीमों का गठन किया गया है। कैदियों में से 4 रेवाड़ी और 9 महेंद्रगढ़ जिले के हैं। ये सभी कैदी दिल्ली रोड स्थित कोरोना जेल से फरार हुए हैं। इस जेल में करीब 450 कोरोना संक्रमित कैदियों को रखा गया है।

ये सभी कैदी शनिवार रात को ही बैरक की ग्रिल काटकर फरार हो गए थे। सुबह जब कैदियों की गिनती की गई, तब इनके भागने की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी अभिषेक जोरवाल मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी जुटा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड ब्रेकिंग: चोरी-छिपे मंहगे दामों में कर रहा था शराब की तस्करी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *