हिमाचल…दुखद: पूर्व मंत्री एवं हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा का निधन

अंब (ऊना) । हिमाचल प्रदेश हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हिमुडा) के उपाध्यक्ष एवं भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे पार्टी के 68 वर्षीय वरिष्ठ नेता प्रवीण शर्मा का बीमारी के कारण वीरवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेशभर में शोक की लहर है। अंब स्थित स्वर्ग धाम में दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई संजय शर्मा, बेटे आदित्य और पार्थ ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।


प्रवीण शर्मा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। सितंबर 2021 से बीमार चल रहे प्रवीण शर्मा का सप्ताह में दो बार डायलिसिस होता था। उनके पिता ज्योति प्रकाश का आठ माह पहले ही निधन हुआ था। उनकी मौत से परिवार को लगातार दूसरा सदमा लग गया। मूल रूप से ऊना जिले के पोलिया पुरोहितां के रहने वाले प्रवीण शर्मा अप्पर अंब में बस गए थे।


बुधवार को वह पीजीआई चंडीगढ़ से चेकअप करवाकर लौटे थे। रात को 11 बजे उन्होंने अपनी मुंह बोली बेटी के पति के साथ फोन पर आखिरी बार बात की। इसके बाद रात को वह सोशल मीडिया पर ऑनलाइन थे। सुबह 6 बजे उनका नौकर दर्शन जब उन्हें दवा देने गया तो वह बिस्तर पर मृत मिले। उस समय फोन उनके हाथ में ही था।


उनकी मौत का समाचार सुनते ही उनके समर्थक आवास पर पहुंचे और परिजनों को संभाला। उन्हें श्रद्धांजलि देने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, वनए मंत्री राकेश पठानियाए छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर सिंह आदि पहुंचे थे।


प्रवीण शर्मा का निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति- नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रवीण शर्मा का निधन पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने भी इसे पार्टी के लिए बड़ा नुकसान बताया। नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि प्रवीण शर्मा का संपूर्ण जीवन जन सेवा और संगठन के कार्यों के लिए समर्पित रहा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की क्षमता प्रदान करे।

यह भी पढ़ें 👉  चुनाव आते ही बौखला जाते है कांग्रेसी, झूठ की राजनीति कर सत्ता पाने की रखते है चाह: शैलेंद्र गुप्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *