बागेश्वर ब्रेकिंग : थायरायड की समस्या से ग्रस्त महिला की परिजन दस दिन तक करते रहे झाड़ फूंक, आज लाए चिकित्सालय तो बाथरूम में ही निकल गए प्राण
बागेश्वर। कांडा चिकित्सालय में सांस फूलने की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला की चिकित्सालय के बाथरूम में ही मौत हो गई। महिला घिंगारूतोला गांव की निवासी बताई जा रही है। पिछले दस दिनों से महिला ने खाना नहीं खाया था और परिजन उस पर देवी देवता का प्रकोप समझ कर नवरात्रों में धार्मिक अनुष्ठान करने में ही लगे रहे।
कांडा सीएचसी के प्रभारी डा. हरीश पोखरियश ने बताया कि घिंगारूतोला की एक महिला अपने परिजनों के साथ आज सुबह लगभग सवा ग्यारह बजे चिकित्सालय पहुंची थी। यहां उसके कुछ टेस्ट करवाए गए। उसमें थायरायड बढ़ने की समस्या दिख रही थी। महिला चिकित्सालय के बाथरूम का प्रयोग करने के लिए गई लेकिन फिर वापस नहीं आई। काफी देर बाद जब परिजनों ने बाथरूम में देखा तो महिला मृत अवस्था में मिली।
महिला के परिजनों के मुताबिक महिला का रूद्रपुर में कुछ दिन इलाज हुआ इसके बाद भी समस्या कम नहीं हुई तो वे उस पर देवी देवता का प्रकाप समझ कर नवरात्रों में अनुष्ठान कर रहे थे। हालत बिगड़ने पर उसे आज चिकित्सालय लाए जहां उसने बाथरूम में दम तोड़ दिया।