हिमाचल ब्रेकिंग : पंजाब के पूर्व मंत्री का बेटा, पुलिस का कांस्टेबल व एक महिला सहित पांच लोग चिट्टे के साथ शिमला में गिरफ्तार

शिमला। शिमला पुलिस की विशेष टीम ने बीती रात पंजाब के पुलिस कांस्टेबल और पंजाब में अकाली दल सरकार के पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह के बेटे सहित पांच लोगों को बड़ी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने पांचों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आज इन सभी लोगों को अदालत के सामने पेश करेगी।


मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के पूर्व अकाली मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह के बेटे को उसके दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश के शिमला में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। शिमला पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिस समय उन्हें गिरफ्तार किया गया वो सब नशे में थे। शिमला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिमला के बस स्टैंड के नजदीक एक होटल से प्रकाश लंगाह को अन्य आरोपियों सहित गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश सिंह, अजय कुमार, अवनि, शुभम कौशल और बलजिंद्र के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से 42.89 ग्राम हेरोइन और वजन मापने की मशीन बरामद की गई है। शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी प्रकाश सिंह पंजाब के पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा है।

आरोपी अजय पंजाब पुलिस में कांस्टेबल है। पकड़े गए लोगों में एक महिला भी शामिल है। शिमला पुलिस के एस.पी.संजीव गांधी ने जानकारी देते बताया कि आरोपियों को एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। प्रकाश लंगाह को पहले भी नशे के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। अब उसे चिट्टे के साथ काबू किया गया है, जिसकी जांच चल रही है।


विदित रहे कि पूर्व अकाली मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह का बेटा प्रकाश इससे पहले मई 2021 में गिरफ्तार हुआ था। उस समय प्रकाश से हेरोइन जब्त की गई थी। उस दौरान पूर्व मंत्री कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि जानबूझकर उनके बेटे को फंसाने की कोशिश की गई है। सुच्चा सिंह लंगाह दो बार विधायक और पंजाब के पूर्व मंत्री रह चुके हैं। प्रकाश सुच्चा सिंह लंगाह का छोटा बेटा है। जानकारी के अनुसार वह नशे का आदी है। पुलिस सभी आरोपियों को पकड़कर देर रात शिमला थाने में ले गई, जहां आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हनुमान जयंती: हनुमान जन्मोत्सव पर आज राजधानी देहरादून में निकलेंगी शोभायात्राएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *