उपचुनाव : उत्तराखंड के बदरीनाथ से लखपत, मंगलौर में काजी, हिमाचल के नालागढ़ से बावा हमीरपुर से पुष्पेंद्र वर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी

देहरादून/शिमला। विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बदरीनाथ सीट से लखपत बुटोला और मंगलौर सीट से काजी निजामुद्दीन को प्रत्याशी घोषित किया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा की।

भाजपा ने 13 जून को दोनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। बदरीनाथ में कांग्रेस से भाजपा में आए राजेंद्र भंडारी और मंगलौर में करतार सिंह भड़ाना को प्रत्याशी घोषित किया था। कांग्रेस दोनों सीटों पर जीत का दावा कर रही है। लखपत बुटोला पूर्व में जिला पंचायत सदस्य और जिला पंचायत उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। कांग्रेस में प्रवक्ता पद से लेकर संगठन में कई पदों पर रह चुके हैं।

लखपत सिंह बुटोला और काजी निजामुद्दीन

काजी निजामुद्दीन राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं। पूर्व में भी वे भी मंगलौर सीट से विधायक रह चुके हैं। उनकी गिनती कांग्रेस के तेज तर्रार नेताओं में की जाती है।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग पिथैरागढ़ : जबरन शराब पिलाकर लड़की से रेप


कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी उपचुनाव को बेहद मजबूती के साथ लड़ेगी। दोनों सीटों को बड़े अंतर के साथ जीतेगी। बदरीनाथ की जनता ने 2022 के चुनाव में वोट कांग्रेस को दिया था। कांग्रेस से चुनाव जीत कर राजेंद्र भंडारी ने भाजपा ज्वाइन कर बदरीनाथ की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उनके वोट का मूल्य नहीं समझा। अब वही जनता उपचुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी। कांग्रेस दोनों सीटों पर एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।

दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने नालागढ़ से हरदीप बावा और हमीरपुर से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को फिर प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है। सोमवार दोपहर कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रत्याशियों की सूची जारी की। हालांकि, अभी देहरा विधानसभा में प्रत्याशी को लेकर पेच फंसा हुआ है। मंगलवार को प्रत्याशी के नाम को लेकर फैसला हो सकता है।

पुष्पेंद्र वर्मा और हरदीप बावा

हरदीप बावा और डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने 2022 में भी विधानसभा चुनाव लड़ा था। दोनों प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते थे। भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे थे। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा हमीरपुर सीट पर हुए चुनाव में करीब 13 हजार मतों से हारे थे। निर्दलीय आशीष शर्मा ने यहां से जीत दर्ज की थी। डॉ. पुष्पेंद्र को कांग्रेस ने चुनाव के दौरान अंतिम क्षणों में प्रत्याशी बनाया था।

यह भी पढ़ें 👉  बीयरशिवा स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाई गई जागरूकता पाठशाला

डॉ. पुष्पेंद्र ने स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं से इस्तीफा देकर चुनाव लड़ा था। हमीरपुर सीट मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह क्षेत्र की सीट है। उधर, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हरदीप बावा को करीब 13 हजार मतों से निर्दलीय केएल ठाकुर ने हराया था। पूर्व विधायक लखविंद्र राणा के कांग्रेस में रहते हुए हरदीप बावा ने नालागढ़ में संगठन को मजबूत किया है। अब लखविंद्र भाजपा में हैं।

यह भी पढ़ें 👉  26 जून 2024 : आज का दिन और आपका राशिफल

पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के करीबियों में शामिल हरदीप बावा ने मजदूर संगठन इंटक से कांग्रेस की राजनीति में प्रवेश किया। संभावित है कि 19 जून को हरदीप बावा नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *