ब्रेकिंग न्यूज : ऊना में खेलता हुआ बच्चा चूल्हे में गिरा, झुलसने से मौत
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के औद्योगिक क्षेत्र बेला बाथड़ी में एक प्रवासी श्रमिक परिवार का दो वर्षीय बच्चा खेलते— खेलते की चूल्हे में जा गिरा। इससे वह बुरी तरह से झुलस गया और बाद में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिल रही जानकारी के अनुसार टाहलीवाल क्षेत्र के अंतर्गत बाथड़ी में बिहार का रहने वाला उपेंद्र मेहतो अपने परिवार के साथ रहता है। उसके आसपास दूसरे श्रमिकों की झुग्गियां भी हैं। सोमवार की शाम लगभग सात बजे उपेंद्र का दो वर्षीय बेटा संजीव खेलते समय जलते हुए चूल्हे में गिर गया।
जब बच्चा चिल्लाया तो माता पिता को उसके चूल्हे में गिरने का पता चला। वे गंभीर रूप से झुलसे संजीव को लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए दौड़े।
जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन संजीव इस लंबे सफर के तय नहीं कर सका और उसकी सांसें रास्ते में ही टूट गईं। हरोली के डीएसपी मोहन रावत ने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है।