सोलन ब्रेकिंग : मेयर ऊषा शर्मा ने पेश किया 208 करोड़ का बजट,पढ़ें क्या योजनाएं है नगर के लिए

सोलन। सोलन नगर निगम की मेयर ऊषा शर्मा ने आज वित्त वर्ष 2024—25 के लिए 208 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने बताया कि सरकार के आदेश के अनुसार अब नगर निगम सोलन ने भी यहां के नागरिकों से अपनी छतों को हरे रंग का करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्ष में नगर के सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रूपये खर्च किए जाएंगे इसके अलावा नगर के प्रवेश मार्ग पर प्रवेश द्वार, खेल मैदानों का उच्चीकरण, गाड़ियों के लिए पार्किंग और सड़क के किनारे फुटपाथ निर्माण के अलावा एंबुलैंस मार्ग बनाए जाएंगें।


आज मेयर ऊषा शर्मा ने बजट पेश करते हुए नगर निगम सोलन पर चढ़े सबसे बड़े कर्ज का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार से आग्रह किया गया है कि आईपीएच विभाग का नगर निगम पर 89 करोड़ रुपये का कर्ज है। नगर निगम ने सरकार से आग्रह किया है कि सोलन की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से आईपीएच के हवाले कर दी जाए या फिर आईपीएच निगम को उसी दर पर पानी उपलब्ध कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है जिस दर पर पानी उसे मिल रहा है।


उन्होंने बताया कि इस बजट में नगर के सौंदर्यकरण का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि नगर में प्रवेश करने वाले सभी मार्गो पर सुंदर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। नगर के सौंदर्यकरण के लिए आर्मी, रेलवे, बैंकर्स, होटल एसोसिएशन सहित अन्य संस्थाओं से सहयोग की अपील की जाएगी। सरकार के ताजा निर्देशों के तहत सोलन के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी छतों को हरे रंग से रंगें, ताकि नगर में एकरूपता दिखाई पड़े।


उन्होंने बताया कि सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान को और सुविधाजनक बनाया जाएगा। इसके अलावा नगर में एक हाकी खेल मैदान भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सब्जी मंडी के पास सरकारी जमीन पर भी एक खेल मैदान प्रस्तावित है। इस जमीन को सरकार से नगर निगम के नाम करने का आग्रह किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि नगर में सड़क के किनारे वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग स्थल को अलॉट करने की योजना भी है। इससे नगर निगम की आय भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि नगर के सड़कों पर तीन से पांच मीटर की एंबुलैंस रोड भी बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सेना से बातचीत के बाद पुराने बस स्टैंड के पास पड़ी जमीन नगर निगम के नाम कराने का प्रयास किया जाएगा। यह काम होते ही यहां नगर निगम एक पार्किंग बनाएगा। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में जहां भी सरकारी जमीन है उसे नगर निगम अपने नाम कराने का प्रयास करेगा।

यह भी पढ़ें 👉  बिलासपुर न्यूज : आनंद शर्मा अनुभवी तो जमीनी नेता हैं सतपाल रायजादा : राम लाल ठाकुर


उन्होंने कहा कि पुराने डीसी चौक से डिग्री कालेज तक और इससे आगे शामती तक सड़क के किनारे फुटपाथ बनाया जाएगा। इस मार्ग पर हाल ही में प्रशासन व नगर निगम ने अतिक्रमण मुक्त कराया है। उन्होंने बताया कि शहर की नालियों को अंडर ग्राउंड कराया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ का बजट रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी न्यूज : सारथी फाउंडेशन ने मल्ली बमोरी प्राइमरी स्कूल के बच्चों को बांटी स्टेशनरी


उन्होंने बताया कि नगर निगम ने ग्रीन फंड का निर्माण किया है। इस फंड में लोगों द्वारा कटवाए जाने वाले वृक्षों पर शुल्क वसूला जाएगा। इस फंड से शहर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेयर ने बताया कि नगर में एक शिशु सदन बनाया जाएगा। इसके अलावा सरकार के निर्देशों के बाद नगर निगम सोलन ने भी ग्राम पंचायतों की तर्ज पर परिवार रजिस्टर बनाने का निर्णय लिया है। इस काम के लिए सर्वेक्षण का जिम्मा लोक मित्र केंद्रों को दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  बिग ब्रेकिंग: मोबाइल लेकर तेलंगाना के सीएम हाजिर हों… अमित शाह के फर्जी वीडियो केस में दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना के सीएम को भेजा समन


उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा का प्रयोग बढ़ाने के लिए सबसे पहले नगर निगम कार्यालय भवन की छत पर सोलर पैनल लगाने का निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पानी के मुख्य टैंक से जवाहर पार्क, मोहन पार्क व अन्य मुख्य पाइप लाइनों को बदला जाएगा। यह पाइप लाइने वर्षों पुरानी हो चुकी हैंं। उन्होंने बताया कि अपराध पर नियंत्रण के लिए नगर निगम जगह जगह सीसीटीवी लगाएगा। इसके अलावा नगर निगम के सार्वजनिक शौचालयों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।


उन्होंने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्या से निजात पाने के लिए नगर निगम जानवरों का चिकित्सालय बनाया जा रहा है। इस भवन के निर्माण की दूसरे चरण के लिए टेंडर काल किए जाने वाले हैं। उन्होंने बताया कि शराब की बोतलों की बिक्री पर सेस लगाने का प्रस्ताव भी है। इससे नगर निगम की आय में बढोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *