नालागढ़ न्यूज : अब भाजपा के जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक आए मीडिया के सामने, बोले- पत्रकारवार्ता करने वाले नेताओं ने तोड़ा अनुशासन, मीडिया उन्हें हाईलाइट न करे

नालागढ़। हिमाचल भाजपा की सोलन जिले की नालागढ़ भाजपा मंडल की आपसी गुटबाजी अब खुलकर सामने आ चुकी है। शुक्रवार को नगर परिषद नालागढ़ में चार पार्षदों को मनोनीत किए जाने का विरोध मंडल के चार सदस्यों द्वारा पत्रकार वार्ता के दौरान किया गया था और अब शनिवार को भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक कृष्ण लाल ठाकुर मीडिया के सामने आए हैं। उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता करने वाले नाराज भाजपा नेताओं पर के सवालों पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर कहीं जाने वाली बातें सार्वजनिक मंचों पर होगीं तो ऐसे नेताओं पर अनुशासनात्मक कार्रावाई की जाएगी। पूर्व विधायक ने मीडिया को भी सलाह दी कि ऐसे लोगों को हाईलाइट न करें।


पत्रकारों ने नाराज कार्यकर्ताओं के आरोपों से जुड़े सवाल उनसे पूछे तो ठाकुर बोले कि
उनका उस पत्रकार वार्ता से कुछ लेना देना नहीं है और आज उस बात का जिक्र बिल्कुल भी ना किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी में जिला अध्यक्ष के साथ कोई भी मतभेद नहीं है और हम सभी मिलकर 2022 के चुनावों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का विधायक चुनकर जयराम ठाकुर की झोली में डालेंगे और एक बार फिर जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेकर जिलाध्यक्ष व पार्टी के कार्यकर्ता चल रहे हैं।


पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य ने कहा कि नगर परिषद नालागढ़ में चार पार्षदों को मनोनीत किया गया है। भाजपा मंडल नालागढ़ की ओर से कई नाम हाईकमान को भेजे गए थे। इसमें कार्यकर्ताओं की क्षमता को देखते हुए हाईकमान ने निर्णय लेकर चार को पार्षद मनोनीत किया है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि जिन चारों पार्षदों को मनोनीत किया गया है उनसे भी अच्छे पार्षद नालागढ़ में हो सकते थे, लेकिन यह वह पार्टी है कि पता नहीं किसको कहां पर खड़ा कर दे। उन्होंने कहा कि भाजपा में सब संभव हो सकता है। उन्होंने चार पार्षदों के मनोनयन पर पार्टी हाईकमान व शासन का आभार जताया।

दूसरी ओर नाराज कार्यकर्ता ओंकार गुप्ता ने पूर्व विधायक ठाकुर के बयान पर कहा कि उन्होंने कोई अनुशासनहीनता नहीं की है।

ओंकार गुप्ता

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने हक के लिए आवाज उठाई है उन्होंने जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के जिला अध्यक्ष की वजह से ही पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अपमान हुआ है और जो लोग भाजपा के नेताओं की खिलाफत करते रहे हैं उन्हें नगर परिषद नालागढ़ में मनोनीत करवाया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक पर जिलाध्यक्ष ने दबाव बनाया होगा और इसी के चलते वह पत्रकार वार्ता के दौरान मनोनीत किए गए चारों सदस्यों की ओर से पार्टी हाईकमान का आभार जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी द्वारा उनपर कोई कार्यवाही होती है तो वह पार्टी से आजाद हो जाएंगे और सोचेंगे कि आगे क्या करना है।

यह भी पढ़ें 👉  हैवानियत : ससुराल में सास, पत्नी और 2 मासूमों की पीट-पीटकर हत्या, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार

पत्रकार वार्ता के दौरान चाहे भाजपा के नेताओं द्वारा अपनी एकजुटता की बात कही जा रही हो लेकिन भाजपा की आंतरिक गुटबाजी अब मनोनीत पार्षदों के विरोध में उतरे कार्यकर्ताओं के माध्यम से खुलकर सामने आ चुकी है।

यह भी पढ़ें 👉  बिलासपुर जिला कांग्रेस ने की प्रभारी व सह प्रभारियों की तैनाती,प्रमुख नेताओं से तालमेल स्थापित कर कार्य करने के निर्देश 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *