सोलन न्यूज : नौणी विवि के छात्रों ने मनाया विश्व जल दिवस

सोलन। पानी के महत्व पर जागरूकता लाने और इसके संरक्षण की दिशा में प्रयासों को बढ़ाने के लिए डा. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के मृदा विज्ञान और जल प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को विवि परिसर में विश्व जल दिवस मनाया। इस अवसर पर विभाग द्वारा कई व्याख्यान आयोजित किए गए जिसमें विभाग के संकाय और कर्मचारियों और 148 छात्रों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मृदा विज्ञान और जल प्रबंधन विभाग के हेड डा. एमएल वर्मा ने बताया कि पीने के पानी के महत्व पर ध्यान केंद्रित करने और पानी के संसाधनों के स्थायी प्रबंधन की वकालत करने के लिए 1993 से हर वर्ष विश्व जल दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व जल दिवस की थीम शांति के लिए जल है।

उन्होंने कहा कि स्थायी जल प्रबंधन, व्यक्तियों और समुदायों के लिए स्वास्थ्य, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, प्राकृतिक खतरों से सुरक्षा, बेहतर जीवन स्तर और रोजगार, आर्थिक विकास और विभिन्न प्रकार की पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं सहित कई लाभ देता है। इन लाभों के माध्यम से ही जल समृद्धि की ओर ले जाता है और इन लाभों के न्यायसंगत बंटवारे से शांति को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा जल संरक्षण के उपाय, सटीक खेती, वर्षा जल संचयन, जीवनशैली में बदलाव, कृषि में पानी जैसे कुछ विषय शामिल रहे। नेटाफिन के उद्योग विशेषज्ञ द्वारा ऑटोमेशन और ड्रिप सिंचाई पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान दिया गया। डॉ. घनश्याम अग्रवाल और विभाग के अन्य वैज्ञानिकों ने भी संरक्षण, कुशल उपयोग और कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर छात्रों को संबोधित किया। छात्रों और कर्मचारियों को कृषि जल संरक्षण तकनीकों, जल संचयन संरचनाओं, सटीक खेती मॉडल, ड्रिप सिंचाई तकनीक, स्प्रिंकलर सिंचाई और विभिन्न प्रकार की मल्चिंग पर व्यावहारिक प्रदर्शन दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  रास्ते में पड़े गड्ढे से परेशान हुए वार्ड वासी, निगम नहीं करवा पा रही रास्ते की रिपेयर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *